भा.कृ.अ.प. – भारतीय कृषि जैवप्रौद्योगिकी संस्थान, गढ़खटंगा, रांची ने गुमला की छात्राओं के लिए एक्सपोज़र भ्रमण का आयोजन किया |

भा.कृ.अ.प. – भारतीय कृषि जैवप्रौद्योगिकी संस्थान, गढ़खटंगा, रांची ने 13.03.2023 को जवाहर नवोदय विद्यालय, मसरिया बाँध, गुमला की नौवीं और ग्यारवीं कक्षा की 57 छात्राओं और उनके तीन शिक्षकों की मेजबानी की | विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा प्रोत्साहित विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत ज्ञान भागीदार के रूप में संस्थान द्वारा एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया, कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित विषयों (STEM) में लैंगिक अंतर पाटना था | संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक, डॉ सौमेन नस्कर व वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ सुजीत बिशी ने दौरे का समन्वय किया | निदेशक महोदय डॉ सुजय रक्षित ने छात्राओं को आस पास की हर चीज़ पर जिज्ञासु होने और किसी भी घटना के पीछे का जवाब खोजने के लिए सवालों को करने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने बताया की व्यक्ति को जीवन किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए आजीवन शिक्षार्थी होना चाहिए | उन्होंने विज्ञान को सामाजिक रूप से समावेशी और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी बनाने की लिए समाज में ज्ञान वर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला | डॉ नस्कर ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने वाली सरकार की विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराया, जिसमे विशेषकर लड़कियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी | डॉ बिशी ने छात्राओं को कृषि और सम्बद्ध क्षेत्रों पर ध्यान देने के साथ जैव प्रोद्योगिकी में अनुसंधान की स्थिति और दायरे के बारे में जानकारी दी | छात्राओं को आण्विक जीव विज्ञान और उत्तक संवर्धन के लिए संस्थान की प्रयोगशालाएँ दिखाई गयी और कृषि जैव प्रोद्योगिकी के अध्ययन में आमतौर पर उपयोग किये जाने वाले आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया | छात्रों ने उत्साहपूर्वक संस्थान के संकायों और अनुसंधान विद्वानों के साथ बातचीत की | ख़ुशी कुमारी (कक्षा XI – विज्ञान), नूतन कुमारी (कक्षा IX), अन्य छात्राओं ने संस्थान वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करने और जैव प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाओं का दौरा करने के अवसर मिलने से प्रसन्न हुई । उनके शब्दों में, माइक्रोस्कोप द्वारा मवेशियों के शुक्राणु को देखने पर “हमने पहली बार एक जीवित और गतिशील पशु कोशिका देखी”| रिअल टाइम पीसीआर को देखने के बाद “हमने इस उपकरण के बारे में COVID समय के दौरान बहुत कुछ सुना है, लेकिन हम यहां इसे काम करते हुए देख रहे हैं” | श्री प्रमोद नगेसिया और सुश्री फरजाना तब्बसुम, जेएनवी गुमला के स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) ने विजिटिंग टीम की ओर से इस दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इस तरह के दौरे अधिक से अधिक किए जाने चाहिए ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को STEM में रुचि लें और इसमें करियर बनाने का फैसला करें।